Monday, 16 November 2026

चिट्ठी से AI तक

वह दौर जब चिट्ठियाँ जिंदगी हुआ करती थीं

एक समय था, जब जिंदगी की रफ्तार आज जैसी तेज नहीं थी। न हाथों में स्मार्टफोन था, न हर समय इंटरनेट की सुविधा और न ही कुछ सेकंड में दुनिया के किसी भी कोने तक संदेश पहुँचाने का कोई माध्यम। उस दौर में दूर बैठे किसी अपने से संवाद करने का सबसे भरोसेमंद जरिया था—एक चिट्ठी।

आज हम जो सन्देश Sorry! Message share करते हैं उसमे हमारी कलाकारिता नहीं होती है, जबकि चिट्ठी केवल कागज पर लिखे कुछ शब्दों का संग्रह नहीं होती थी। उसमें लिखने वाले का मन होता था, उसकी भावनाएँ होती थीं, उसकी खुशियाँ और परेशानियाँ होती थीं। कभी वह अपनों की याद लेकर आती थी, तो कभी किसी शुभ समाचार की खुशबू। कभी किसी के आने की खबर होती थी, तो कभी किसी के न आ पाने की मजबूरी। कभी किसी जरूरतमंद की पुकार होती थी, इस उम्मीद के साथ कि उसकी चिट्ठी किसी ऐसे व्यक्ति तक पहुँचेगी जो उसकी मदद कर सकेगा।

उस समय चिट्ठी लिखना भी एक कला थी। लोग सोच-समझकर शब्द चुनते थे। कागज पर कलम चलती थी और मन की बातें धीरे-धीरे अक्षरों का रूप लेती थीं। कई बार लिखते-लिखते कोई शब्द काट दिया जाता, कोई वाक्य दोबारा लिखा जाता और कभी-कभी तो पूरा पत्र लिखने के बाद भी मन संतुष्ट नहीं होता था। फिर उसे फाड़कर एक नया पत्र लिखा जाता था।

मैंने भी ऐसे कई खत दोबारा लिखे हैं। मेरी कलम अक्सर भटक जाया करती थी। मन में कुछ और होता था और कागज पर उतरते-उतरते बातें कहीं और पहुँच जाती थीं। कभी लगता कि जो कहना चाहता हूँ, वह ठीक से कह नहीं पाया। कभी शब्द कम पड़ जाते, तो कभी भावनाएँ शब्दों से आगे निकल जातीं।

पत्र पूरा होने के बाद उसे सावधानी से मोड़ा जाता, लिफाफे में रखा जाता, उस पर पाने वाले का पूरा पता लिखा जाता और निर्धारित मूल्य का डाक टिकट चिपकाया जाता। फिर उसे डाकघर के लाल रंग के डाक-बक्से में डाल दिया जाता।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि उस लाल डिब्बे में डाली गई चिट्ठी अपने गंतव्य तक कैसे पहुँचती थी?

आज के दौर में हम किसी को WhatsApp पर संदेश भेजते हैं और कुछ ही पलों में उसके मोबाइल तक वह पहुँच जाता है। इसके पीछे इंटरनेट, सर्वर और नेटवर्क का एक पूरा तंत्र काम करता है। इसे समझने के लिए हम तकनीकी भाषा में Algorithm की बात करते हैं।

लेकिन उस समय भी चिट्ठियों के लिए एक शानदार व्यवस्था थी। बिना इंटरनेट, बिना कंप्यूटर और बिना किसी डिजिटल नेटवर्क के डाक विभाग का अपना एक व्यवस्थित संचार तंत्र था।

डाक-बक्से से चिट्ठियाँ निकाली जाती थीं। फिर उन्हें डाकघर में लाया जाता, वहाँ पिनकोड और पते के आधार पर छाँटा जाता। अलग-अलग शहरों, जिलों और गाँवों की चिट्ठियों को अलग-अलग बोरियों में रखा जाता। ये बोरियाँ रेलगाड़ियों, बसों और अन्य परिवहन साधनों से अपने अगले पड़ाव तक पहुँचती थीं। रास्ते में कई डाकघरों और छँटाई केंद्रों से गुजरते हुए चिट्ठी आखिरकार उस इलाके के डाकघर तक पहुँचती, जहाँ उसका प्राप्तकर्ता रहता था।

वहाँ से डाकिया उसे अपने थैले में रखकर घर-घर पहुँचाता था।

 

जरा सोचिए, एक छोटे से कागज पर लिखे कुछ शब्द कितने लोगों, कितने डाकघरों और कितने शहरों से होकर गुजरते थे। हर व्यक्ति की अपनी भूमिका थी और पूरी व्यवस्था एक तय प्रक्रिया के अनुसार काम करती थी।

आज हम इसे एक Communication Network और Delivery Algorithm कह सकते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि तब इस नेटवर्क में इंसान, रेलगाड़ियाँ, डाकघर और डाकिया हुआ करते थे; आज सर्वर, केबल, सैटेलाइट और डिजिटल तकनीक हैं।

लेकिन एक अंतर जरूर था—तब संदेश पहुँचने में समय लगता था, मगर उस इंतजार में भी एक अलग तरह का आनंद था।

No comments:

Post a Comment